यूपी में मुरादाबाद के एसएसपी के आदेश पर भोजपुर पुलिस ने विवाहिता का दहेज उत्पीड़न, गैंगरेप और जानलेवा हमले के आरोप में 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विवाहिता ने अपहरण, लूट और गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसआई सुधीर यादव को जांच सौंपी है। मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी युवती का विवाह सात वर्ष पूर्व भोजपुर के एक गांव निवासी युवक के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न करने लगे। इसी दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया। ससुरालियों ने छौछक में दो लाख रुपए मांगे।
आरोप है कि वह पांच माह की गर्भवती थी। देवर, ननद, सास ने पेट में लात मारकर गर्भपात करा दिया। इस दौरान अवसाद में उसके पिता की मौत हो गई। एक महीने पहले वह घर में अकेली थी। इसी दौरान देवरानी का तहेरा भाई अपने पांच साथियों संग आ धमका। उसने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में ससुराल वालों ने लोकलाज का भय दिखाकर उसका मुंह बंद करा दिया। इसके बाद सात सितंबर को पति ने मां, भाई, बहन के साथ मिलकर उसके शरीर पर तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। वह मायके जाने लगी तो इस्लाम नगर रोड पर कार से आये आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। इस दौरान ग्रामीणों के ललकारने पर आरोपी सोने की चेन और कुंडल छीनकर फरार हो गए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शादी का झांसा देकर दो दिन तक किया दुष्कर्म, केस
थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को गांव का ही एक युवक घर से बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। इस दौरान युवती को शादी का झांसा देकर ने दो दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। जब युवती शादी के लिए कहने लगी तो युवक उसे सिरसवा दोराहा स्थित मजार पर छोड़कर फरार हो गया। बदहवास युवती बमुश्किल अपने घर पहुंची और परिवार के लोगों को जानकारी दी। परिजनों ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया है।